नई दिल्ली: राजधानी में पूर्व एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा की कथित ख़ुदकुशी के मामले में आज हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा से पूछताछ हो सकती है. अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है जब कि उनके खिलाफ धमकी देने का भी केस दर्ज हुआ है.
गोपाल कांडा ने तीन दिन की मोहलत मांगी है, हालांकि पुलिस ने मोहलत देने से इनकार कर दिया है.
उधर गीतिका शर्मा की खुदकुशी केस में पुलिस ने कांडा की कंपनी के कर्मचारी मंदीप को हिरासत में लिया है. तीन सिम का भी पता चला है जो मंदीप के नाम पर लिए गए थे. शक है कि उन्हीं तीन सिम कार्ड से कांडा गीतिका और उसके परिवार के संपर्क में थे.
गीतिका ने रविवार को ख़ुदकुशी की थी और सुसाइड नोट में कांडा पर मानसिक तौर परेशान करने का आरोप लगाया था. गीतिका कांडा की कंपनी में काम करती थी.
हालांकि, अपना बचाव करते हुए पूर्व मंत्री और रईस कारोबारी गोपाल कांडा को समझ नहीं पा रहे हैं कि गीतिका ने सुसाइड नोट में उनका नाम क्यों लिखा. गीतिका ने उन पर दिमागी तौर पर तंग करने का इल्जाम लगाया था, लेकिन कांडा के मुताबिक उनके तो दीपिका और उनके परिजनों से घरेलू ताल्लुकात थे.
कांडा किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं लेकिन गीतिका के परिजन लगातार कांडा को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. वो सीबीआई जांच की मांग पहले ही कर चुके हैं.
जाहिर है मामला तूल पकड़ चुका है. जहां इस मुद्दे पर हरियाणा में राजनीति गर्म है वहीं मंगलवार को महिला आयोग की टीम भी गीतिका के घर पहुंच गई.
आपको बता दें कि पुलिस ने कांडा और उन्हीं की कंपनी एमडीएलआर में मैनेजर अरुणा चड्ढा के खिलाफ केस दर्ज कर रखा है. अरुणा से पौन घंटे की पूछताछ हो चुकी है.
इस मामले में कांडा को भी पूछताछ का नोटिस भेजा जा चुका है और आज पूछताछ हो सकती है. उनके घर की तलाशी पहले ही हो चुकी है.
फिलहाल उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है. पुलिस को शायद और सबूत चाहिए. मंगलवार को कांडा पर धमकी देने का केस भी दर्ज हुआ है.
सवाल उठ रहे हैं कि कहीं हरियाणा सरकार कांडा को बचा तो नहीं रही है. आपको बता दें कि मंगलवार को गोपाल कांडा पर सवाल पूछने पर हरियाणा के पुलिस प्रमुख प्रेस कांफ्रेंस से ही उठकर चले गए.







