गुड़गांव: दिल्ली पुलिस ने सोमवार को पूर्व विमान परिचारिका गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में आरोपी हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा के फार्महाउस की तलाशी ली और कुछ सामग्रियों को अपने कब्जे में कर लिया.

कांडा पर गीतिका को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है. कांडा सात दिनों के लिए पुलिस हिरासत में है.

सोमवार को पुलिस उसे लेकर गुड़गांव-फरीदाबाद रोड पर गावल पहाड़ी में स्थित उसके फार्महाउस पहुंची. 

फार्महाउस एवं एमडीएलआर एयरलाइंस के दफ्तर में करीब घंटे भर तलाशी के दौरान कांडा के कुछ रिश्तेदार और दो महिलाएं मौजूद थे.

पुलिस ने रविवार को कांडा के घर एवं कार्यालय की तलाशी ली थी और महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं कम्प्यूटर आदि को अपने कब्जे में ले लिया था.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यालय से कम्प्यूटर सर्वर, हार्ड डिस्क एवं तीन फाइलों को कब्जे में ले लिया गया. उन्होंने बताया कि इसके अलावा चादर में लपेटी कुछ वस्तुएं भी मिली हैं.

कांडा को शनिवार को आत्मसमर्पण करने के बाद दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

गीतिका (23) ने अपने सुसाइड नोट में कांडा और उनकी एमडीएलआर एयरलाइंस की अधिकारी अरुणा चड्ढा पर परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था.

गीतिका ने 4-5 अगस्त की रात को अपने दिल्ली स्थित आवास पर खुदकुशी कर ली थी. कांडा आठ अगस्त से फरार था. कांडा एमडीएलआर एयरलाइंस का मालिक है, जहां गीतिका विमान परिचारिका थी.

वर्ष 2009 में एयरलाइंस बंद हो गई, तो गीतिका को कांडा के स्वामित्व वाली एक अन्य कम्पनी में नौकरी दे दी गई थी. कांडा ने इस मामले में नाम आने के बाद हरियाणा के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.


article comments powered by Disqus