मुंबई: मशहूर राज ट्रैवल्स के चेयरमैन ललित सेठ ने वर्ली सी लिंक से कूद कर खुदकुशी कर ली है.
वे अपनी गाड़ी से जा रहे थे और वर्ली सी लिंक पर उन्होंने ड्राइवर से कार रोकने को कहा.
उन्होंने ड्राइवर से कहा कि उनका पैदल चलने का मन कर रहा है, ड्राइवर ने गाड़ी रोकी तो सेठ ने कुछ देर चहलकदमी की और फिर सी लिंक से छलांग लगा दी.
जब तक ड्राइवर समझ पाता तब तक वो कूद चुके थे. फिलहाल राज ट्रैवल्स का दफ्तर बंद कर दिया गया है. उनका शव दादर चौपाटी इलाके से मिला है.
एबीपी न्यूज़ संवाददाता उमेश कुमावत के मुताबिक उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उन्होंने लिखा है कि," मैं अपना वायदा पूरा नहीं कर पाया...इसीलिए मैं सुसाइड कर रहा हूं. इसके लिए किसी को दोषी न माना जाए."
ललित सेठ की उम्र करीब 56 साल थी. उन्होंने 1976 में राज ट्रैवल्स की नींव रखी थी. राज ट्रैवल्स की वेबसाइट के मुताबिक उनके देश भर में 79 ऑफिस और 1000 एजेंट्स हैं.
उनको कई एवार्ड्स भी मिल चुके थे. उनकी कंपनी देश की जानी मानी ट्रेवल कंपनी है. उन्होंने खुदकुशी क्यों की, पुलिस इस बात की जांच पड़ताल कर रही है.







