पुणे: पुणे में चार धमाके हुए हैं. कम तीव्रता वाले ये धमाके एक ही रोड पर हुए हैं. एक धमाके में एक शख्स मामूली रूप से जख्मी है. पुलिस और एटीएस मौके पर पहुंच गए हैं.


एबीपी न्यूज़ संवाददाता मयूरेश मौके पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि पहला धमाका जेएम रोड पर बाल गंधर्व थिएटर के बाहर हुआ. उसके बाद दूसरा धमाका मैक्डोनाल्ड रेस्टोरेंट के बाहर हुआ और फिर तीसरा धमाका देना बैंक के बाहर हुआ.

पहले तीन ही धमाकों की खबर आ रही थी लेकिन उसके बाद एक और धमाके की खबर आई. ये चौथा धमाका गरवारे चौक पर हुआ.

धमाकों के कारण पूरे शहर में दहशत फैल गई है. इन धमाकों में किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है. सभी जगहों पर पुलिस पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है. पुणे की मेयर ने जनता से कहा है कि इन धमाकों से डरने की कोई जरूरत नहीं है.


इन धमाकों ने कई सावल खड़े कर दिए हैं. आज ही सुशील शिंदे ने देश के गृहमंत्री का पदभार संभाला हैं और उनके गृहनगर में ये विस्फोट हुए हैं. उन्होंने मीडिया को बताया कि उनको आज उसी थियेटर में जाना था जहां विस्फोट हुए हैं.


एबीपी संवाददाता गणेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस के आला अधिकारी अभी तक ब्लास्ट को देख कर यही मान रहे हैं कि इसके पीछे किसी लोकल गैंग का ही हाथ है. ये भी माना जा रहा है कि धमाकों का उद्देशय जनता के बीच डर पैदा करना था.

गृह सचिव आरके सिंह ने कहा कि पुणे में हुआ सीरियल बम ब्‍लास्‍ट एक सुनियोजित हमला लग रहा है. उन्होंने इसके आतंकी हमला होने से इंकार नहीं किया.

बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सरकार को आतंकियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सख्त कार्रवाई से ही आतंकियों के दिल में भय पैदा होगा.

पुणे के एमएलए ने एबीपी न्यूज़ से कहा कि वे मौके पर हैं. उन्होंने कहा कि उनके सामने दो बम जिंदा हैं जिनको डिफ्यूज़ करने की कोशिश की जा रही है.

इसके बाद महाराष्ट्र के कद्दावर नेता छगन भुजबल भी मीडिया के सामने आए और कहा है कि जनता को डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि जांच जारी है.



article comments powered by Disqus