नई दिल्‍ली/कानपुर: दिल्ली से कानपुर आ रही श्रमशक्ति एक्सप्रेस की तीन बोगियां आज सुबह पटरी से उतर गईं. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ.

ये हादसा आज सुबह कानपुर के जूही पुल इलाके में हुआ. हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन श्रमशक्ति के पटरी से उतरने के कारण काफी देर तक इस लाइन पर आवाजाही रुकी रही.

बताया जा रहा है कि ट्रेन के पहिए उस जगह पटरी से उतरे जहां ट्रेन एक पटरी से दूसरी पटरी पर जाती है. रेलवे की भाषा में इसे प्वाइंट कहा जाता है. शक है कि प्वाइंट की खराबी के कारण ही ये हादसा हुआ है.

मौके पर मौजूद कुछ रेल कर्मचारियों की शिकायत है कि बार-बार कहने के बावजूद इस जगह पर प्वाइंट की खराबी दूर नहीं की जा सकी है, जिसकी वजह से यहां कई हादसे होते रहते हैं.



article comments powered by Disqus