नई दिल्ली: कोयला घोटाले में घिरी कांग्रेस सीएजी रिपोर्ट पर ही सवाल उठा रही है. कांग्रेस ने कहा है कि इस रिपोर्ट में कई खामियां हैं.
इससे पहले 2-जी घोटाले से जुड़ी सीएजी रिपोर्ट पर भी कांग्रेस ने एतराज जताया था. कांग्रेस की तरफ से शनिवार को कहा गया कि सीएजी को जीरो लगाने की आदत पड़ गई है, लेकिन कांग्रेस पर विपक्ष का हल्लाबोल जारी है.
कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी के मुताबिक, 'कैग को अपनी रिपोर्ट में जीरो लगाने की आदत पड़ गई है, जिससे उसे बचना चाहिए. कैग को अपनी मर्यादा में रहना चाहिए ताकि संतुलन बना रहे.'
सीएजी की रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकार की गलत नीति से देश को कुल 1.86 हजार करोड़ का नुकसान हुआ. एक साथ इतने जीरो को लेकर ही सरकार सवालों के घेरे में है.
यही वजह है कि कांग्रेस के प्रवक्ता सीएजी की रिपोर्ट पर सवाल उठा रहे हैं. कांग्रेस का तर्क है कि जिन खदानों का आवंटन हुआ वहां काम शुरू ही नहीं हुआ फिर नुकसान कैसा.
राज्यसभा में शुक्रवार को सीएजी की कोयला, बिजली और दिल्ली एयरपोर्ट पर रिपोर्ट पेश की गई थी. इस रिपोर्ट के हवाले से विपक्ष सरकार पर घोटाले का आरोप लगा रहा है.
बचाव में कांग्रेस का कहना है कि कोयला खदान के आवंटन की वही प्रक्रिया अपनाई गई जो एनडीए की सरकार के जमाने से चली आ रही है.
रिपोर्ट में जीरो लगाने की आदत से बाज आए कैग: कांग्रेस







