नई दिल्‍ली: केंद्रीय इस्तपात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने महंगाई से परेशान देश की आम जनता के जख्म पर नमक लगाने का काम किया है. उनकी नजर में महंगाई अच्छी है.

महंगाई की मार से भले ही आपका जीना मुश्किल हो रहा हो, आपके घर का बजट बिगड़ा हो या दिन-रात महंगाई से दो-दो हाथ करने में निकल रहा हो, लेकिन मनमोहन सरकार के मंत्री को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है. जनता के दर्द को कम करने के बजाय मंत्री जी महंगाई से खुश हो रहे हैं.

केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के मुताबिक, 'हम तो इस महंगाई से खुश हैं.'

कांग्रेस पार्टी का नारा है 'कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ'. लेकिन मंत्री जी के बयान से ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस पार्टी आम आदमी के जख्म पर मिर्च लगाने में जुटी है.

देश में कमर तोड़ महंगाई से खुश होने वाले बेनी प्रसाद वर्मा की दलील है, 'दाल महंगी हो गई, आटा महंगा हो गया, चावल महंगा हो गया, सब्‍जी महंगी हो गई. जितना महंगा होगा किसान को उतना फायदा होगा. हम तो इस महंगाई से खुश हैं. '

मंत्री जी के मुताबिक महंगाई बढ़ने से देश के किसानों को फायदा हो रहा है. मगर मंत्री जी उस तस्वीर को भूल गए हैं कि जब खेतों से नई फसल मंडी पहुंचती है तो किसानों का क्या हाल होता है? बार-बार महंगाई रोकने पर प्रधानमंत्री कई वादे कर चुके हैं.

एबीपी न्यूज पर बड़ी बहस के दौरान कांग्रेस के नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी ने भी माना था कि उनकी सरकार महंगाई रोकने में नाकाम रही है.

कांग्रेस के नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी ने कहा था, 'ये बात सही है कि महंगाई रोकने में हम सफल नहीं हो पाए हैं. इसमें कोई दोहराय नहीं है.'

बेकाबू महंगाई को रोकने में विफल हो चुकी मनमोहन सरकार के मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा एकदम अलग फॉर्मूला लेकर आए हैं. केंद्र सरकार से महंगाई कम न हुई तो बेनी प्रसाद वर्मा ने महंगाई को सही ठहरा दिया.

विपक्ष की प्रतिक्रिया
मंहगाई को लेकर केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के विवादास्पद बयान से उत्तर प्रदेश का सियासी पारा फिर चढ़ गया है. विपक्षी दलों ने एक सुर से बेनी के बयान की कड़ी निंदा की है.

बीजेपी ने बेनी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कलराज मिश्र ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ क्रूर मजाक कर रही है. बेनी प्रसाद के बयान की जितनी निंदा की जाए, कम है.

कलराज ने कहा, 'किसानों की स्थिति और महंगाई से पूरी जनता त्रस्त है. ऐसे में केंद्र सरकार का एक वरिष्ठ मंत्री यह कहता है कि वह महंगाई से खुश है और इससे किसानों को फायदा ही हुआ है तो यह काफी दुखद है. सरकार लगातार किसानों का उपहास कर रही है.'

राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी, बीएसपी ने भी बेनी के बयान को हास्यास्पद बताया है. बीएसपी के एक नेता ने कहा कि बेनी ने काफी हास्यास्पद बयान दिया है. उनके इस बयान से किसानों और लोगों के प्रति कांग्रेस की सोच झलकती है.

राज्य में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि बेनी का बयान काफी दुर्भाग्यपूर्ण है. बेनी के बयान से यह साफ होता है कि यूपीए सरकार किसानों के बारे में क्या सोचती है.

चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को इस बारे में सोचना चाहिए कि बेनी प्रसाद जैसे लोगों को मंत्री बने रहना चाहिए या नहीं.



संबंधित खबरें

महंगाई से निजात दिलाने में पीएम फेल

खराब मानसून से महंगाई बढ़ी: पीएम

महाराष्‍ट्री की जनता को महंगाई का करंट



article comments powered by Disqus