चेन्नई: मद्रास परमाणु ऊर्जा केंद्र (एमएपीएस) में लगे परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) के दो रिएक्टर रविवार सुबह विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाने के बाद ठप्प पड़ गए थे.
इन्हें 23 अगस्त से फिर से चालू किया जाएगा. एमएपीएस के निदेशक के. रामामूर्ति ने कहा, "रविवार रात लगभग 1.15 बजे 230 केवी का स्विचयार्ड ठप्प पड़ जाने से बिजली की आपूर्ति बंद हो गई थी. इस कारण रिएक्टर स्वत: बंद हो गए. दोनों इकाइयां 22 या 23 अगस्त तक बहाल हो जाएंगी."
उनके अनुसार, मुख्य विद्युत आपूर्ति विफल हो जाने की स्थिति में रिएक्टरों को तुरंत संचालित करने के लिए चार डीजल जनरेटर मंगाए गए हैं. रामामूर्ति ने कहा, "विद्युत उत्पादन या आपूर्ति में अचानक उछाल आ जाने से सारी प्रक्रिया विफल हो जाती है."
उन्होंने कहा कि पुराने में से एक ब्रेकर विफल हो गया, एमएपीएस उसे बदलने में लगा हुआ है. रामामूर्ति ने कहा, "हमारे पास ऐसे 11 ब्रेकर हैं और हमने छह इकाइयों के ब्रेकर बदल दिए हैं. प्रत्येक घटक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये है."
उन्होंने कहा, "टर्बाइन के फिसल जाने से बिजली आपूर्ति विफल होने की नौबत आई."
उल्लेखनीय है कि मद्रास परमाणु ऊर्जा केंद्र चेन्नई से लगभग 70 किलोमीटर दूर कलपक्कम में स्थित है. इस केंद्र के पास 220 मेगावाट के दो रिएक्टर हैं, लेकिन ये ईंधन की कमी के चलते अपनी क्षमता से कम काम कर रहे हैं.
मद्रास परमाणु ऊर्जा केंद्र 23 से फिर होगा चालू







