नई दिल्ली: कोयला घोटाले पर बीजेपी का कड़ा रुख बरकरार है. आज आखिरी दिन भी संसद सत्र चलना मुश्किल है. मुंबई में बीजेपी नेता किरीट सोमैया, कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल समेत कई लोगों के खिलाफ सीबीआई को चार हजार पेज के सबूत देने वाले हैं.
किरीट ने कांग्रेस से जुड़े दर्डा परिवार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. कोयला घोटाले में दर्डा बंधुओं की पोल खोलने वाले बीजेपी नेता किरीट सोमैया लगा रहे हैं एक और बड़े घोटाले का आरोप. सोमैया का आरोप है कि रातों रात विजय दर्डा और राजेंद्र दर्डा ने कंपनी बनाकर सौ करोड़ से ज्यादा का मुनाफा कमाया.
कोयला घोटाले में दर्डा बंधुओँ के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद हो रहे हैं नए नए खुलासे. नया खुलासा ये है कि दर्डा बंधुओं ने सिर्फ एक ब्लॉक की मदद से हेराफेरी कर 113 करोड़ रुपये की कमाई की.
किरीट सोमैया जिस जस इंफ्रा की बात कर रहे हैं वो कंपनी है मनोज जायसवाल और उनके परिवार की. इस कंपनी को साल 2008 में झारखंड के महुआगढ़ी में कोल ब्लॉक आवंटित हुआ था.
हालांकि सीबीआई के आरोंपों के मुताबिक पहले से कोल ब्लॉक होते हुए भी इस कंपनी को नया कोल ब्लॉक मिला. सीबीआई ने जस इंफ्रा पर केस दर्ज किया हुआ है.
लेकिन जस इंफ्रा से विजय दर्डा का संबंध क्या है ये भी जान लीजिए. साल 2011 के एक दस्तावेज के मुताबिक जस इंफ्रा में विजय दर्डा और उनके बेटे देवेंद्र दर्डा की करीब सात फीसदी हिस्सेदारी थी.
किरीट सोमैया का आरोप है कि कांग्रेस सांसद विजय दर्डा और उनके भाई महाराष्ट्र में शिक्षा मंत्री राजेंद्र दर्डा ने आसेरा बांका पावर प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी खड़ी की और उन सात फीसदी शेयरों के साथ हेराफेरी की.
इसी हेराफेरी को लेकर अब किरीट सोमैया दर्डा बंधुओँ के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
सीबीआई को चार हजार पन्नों के सबूत देंगे सोमैया







