नई दिल्ली: जंतर मंतर पर पिछले आठ दिन से अनशन पर बैठे टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल और गोपाल राय की तबीयत काफी बिगड़ गई है, लेकिन अरविंद का कहना है कि वह अनशन पर डटे रहेंगे.

केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि सरकार उनकी जान से खिलवाड़ की साजिश रच रही है और सुसाइड की कोशिश का केस लगाकर अस्पताल में भर्ती करने की फिराक में है.

अपने सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर केजरीवाल ने कहा, "मेरा अनशन जारी रहेगा और मैं खुदकुशी के लिए नहीं, बल्कि बलिदान के लिए अनशन पर बैठा हूं. सरकार जाने इन दोनों में फर्क क्या होता है."

केजरीवाल ने जंतर मंतर पर मौजूद लोगों से कहा कि सरकार ऐसी साजिश रच रही है कि उन्हें जबरन अनशन स्थल से उठाकर अस्पताल ले जा सकती है.

उन्होंने भीड़ को मुखातिब करते हुए कहा, "अगर ऐसा हुआ तो आप बचाने के लिए आगे आएंगे और ऐसा नहीं होने देंगे."

दूसरी ओर अरविंद के बोलने के बाद अन्ना ने मंच से एलान किया है कि लोकपाल आने तक अनशन जारी रहेगा और सरकार जबरदस्ती करती है तो बात भी नहीं की जाएगी.

केजरीवाल की तबीयत बिगड़ी

एक तस्वीर सामने आई है जिसमें केजरीवाल काफी कमजोर लग रहे हैं. बताया जा रहा है कि वो उठ-बैठ भी नहीं पा रहे हैं. लेकिन टीम अन्ना के डॉक्टर का बयान हैरान करने वाला है कि केजरीवाल ठीक हैं और 21 दिन तक अनशन कर सकते हैं.

इस बीच टीम अन्ना की कोर कमेटी ने अरविंद केजरीवाल और गोपाल राय से अनशन तोड़ने का अनुरोध किया, लेकिन अरविंद और गोपाल ने इसे ठुकरा दिया है.

डॉक्टरों का कहना है कि दोनों एक्टिविस्टों की तबीयत बिगड़ती जा रही है. कीटोन लेवल काफी ऊपर चला गया है. डॉक्टर का कहना है कि गोपाल राय का कीटोल लेवल अभी ही खतरे की सीमा को पार कर चुका है और वह बार-बार उल्टी कर रहे हैं.

बुधवार की सुबह जारी मेडिकल बुलेटीन के मुताबिक केजरीवाल का पल्स रेट 70, बीपी 103/65 और शुगर 88 है. इसी तरह अन्ना का पल्स88, बीपी 162/81 और शुगर 84 है.

इससे पहले मंगलवार को केजरीवाल ने चेतावनी दी थी कि सरकार उनके अनशन को जबरदस्ती तुड़वाने की कोशिश न करें. केजरीवाल का कहना था कि ऐसा किया गया तो इसके बुरे परिणाम होंगे.

केजरीवाल ने साफ कहा कि वह सरकार के भ्रष्ट मंत्रियों से कोई बातचीत नहीं करना चाहते हैं.



article comments powered by Disqus