नई दिल्ली: सरकार गरीबी रेखा से नीचे रहने वालों को मोबाइल का तोहफ़ा देने जा रही है. स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले से 'हर हाथ को मोबाइल' योजना का एलान कर सकते हैं.

योजना का फायदा बड़े पैमाने पर लोगों को मिलेगा और सरकार इस पर खर्च करेगी सात हजार करोड़. सवाल ये है कि क्या सरकार मोबाइल के जरिए चुनाव जीतने की उम्मीद में हैं.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को प्रधानमंत्री देश के हर बीपीएल परिवार को एक फोन देने का एलान कर सकते है.

अखबार के मुताबिक हर बीपीएल परिवार को सरकार एक मोबाइल फोन तो देगी साथ ही 200 मिनट तक लोकल कॉल फ्री की सुविधा मुहैया देगी.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सरकार को भरोसा है कि 'हर हाथ में फोन' की उसकी ये योजना इंदिरा गांधी के 'गरीबी हटाओ' नारे जैसी कारगर साबित हो सकती है और इस योजना से आगामी चुनाव में उसे काफी फायदा पहुंचेगा.

अखबार के मुताबिक सरकार ने योजना आयोग और दूर संचार मंत्रालय को 10 अगस्त तक इस योजना की रूपरेखा तैयार करने का आदेश दिया है ताकि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में इस योजना का एलान कर सकें.

मनमोहन सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से सरकारी खज़ाने पर करीब 7,000 करोड़ की चपत भी लगेगी, लेकिन खबर है कि सरकार इस खर्च को लेकर कतई परेशान नहीं हैं.

हालांकि, कृषि विशेषज्ञों ने इस योजना का विरोध किया है और कहा कि यह योजना देश के लिए दुर्भाग्य है.



article comments powered by Disqus