मुम्बई: अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दिकी और रणबीर कपूर इन दिनों एक-दूसरे की खूब प्रशंसा कर रहे हैं. नवाजुद्दीन तो कहते हैं कि रणबीर स्टारडम को पुनर्परिभाषित कर रहे हैं.

'गैंग्स ऑफ वासेपुर 2' (जीओडब्ल्यू 2) में फैजल खान की भूमिका निभा चुके नवाजुद्दीन ने खुलासा किया कि रणबीर ने उन्हें मैसेज भेजकर कहा कि वह उनके प्रशंसक बन गए हैं. वहीं नवाजुद्दीन को लगता है कि रणबीर स्टारडम शब्द को पुनर्परिभाषित कर रहे हैं.

सैंतीस वर्षीय नवाजुद्दीन ने मंगलवार को यहां एक साक्षात्कार में कहा, "रणबीर कपूर ने मुझे मैसेज किया. उन्होंने उसमें लिखा कि वह हमेशा के लिए मेरे प्रशंसक बन गए हैं. वह खुद एक बहुत अच्छे अभिनेता है. वह ऐसे कलाकार हैं जो सुपरस्टारडम को तोड़ स्टारडम शब्द की नई परिभाषा दे रहा है."

उन्होंने कहा, "यह सोचकर अच्छा महसूस होता है कि हमारे पास ऐसे अभिनेता हैं जो अलग तरह की फिल्में करते हैं. आप उन्हें सितारे, सुपरस्टार्स या अभिनेता कह सकते हैं. उनका करियर जिस तरह से आकार ले रहा है, वह बताता है कि वह निश्चित रूप से सुपरस्टार की नई परिभाषा दे रहे हैं."

रणबीर की फिल्म 'रॉकस्टार' में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली थी. उनकी अगली फिल्म 'बर्फी' में वह एक मूक-बधिर लड़के की भूमिका में हैं.


article comments powered by Disqus