नई दिल्ली: दक्षिण प्रशांत महासागर में बसा एक द्वीपीय देश फिजी देश के फिल्म उद्योग का सबसे नया पसंदीदा गंतव्य बन कर उभरा है. पिछले एक साल से भी कम अवधि में यहां '3जी', 'वार्निग' और 'अम्माली तुम्माली' तीन फिल्मों की शूटिंग शुरू हुई.

नील नितिन मुकेश की फिल्म '3जी' की शूटिंग फिजी में मध्य मई में शुरू हुई. इसके बाद अनुभव सिन्हा की फिल्म 'वार्निग' की शूटिंग शुरू हुई.

अनुभव ने शाहरूख खान द्वारा निर्मित फिल्म 'रा वन' का निर्देशन किया था. 'वार्निग' की शूटिंग फिजी और न्यूजीलैंड में हो रही है.

फिजी द्वीप पर फिल्म की शूटिंग करने के अनेक लाभ हैं. शानदार प्राकृतिक दृश्य, समुद्री लोकेशन, कोरल रीफ, रेतीले समुद्र तट, विषुवतीय हरित वन, पहाड़ और पत्थर, नारियल के पेड़ क्या कुछ नहीं हैं यहां. इसके अलावा फिजी की नौ लाख की आबादी में से 37 फीसदी भारतीय मूल के हैं, जिनका उपयोग फिल्म के भीड़ को फिल्माने में किया जा सकता है.

फिजी में जिन फिल्मों की शूटिंग हो रही है वह डरावनी पृष्ठभूमि पर आधारित हैं.

'3जी' फिल्म के अलग-अलग दृश्यों की शूटिंग फिजी में देनारू बीच रिजॉर्ट पर हुई. एक दृश्य की शूटिंग घने वन से घिरे एक झील पर हुई, जो एनाकोंडा फिल्म की शूटिंग के बाद काफी चर्चा में आ गया. एनाकोंडा की शूटिंग इस झील के आसपास हुई थी.

चेन्नई के जेमिनी इंडस्ट्रीज एंड इमेजिंग द्वारा निर्मित तमिल फिल्म 'अम्माली तुम्माली' पहली भारतीय फिल्म है जिसकी शूटिंग फिजी में पिछले साल के आखिरी में हुई थी. इस फिल्म की शूटिंग कोयम्बटूर, अंडमान द्वीप और फिजी में हुई.

फिजी सरकार ने विदेशी फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने के लिए 47 फीसदी कर में छूट दी है. सरकार को उम्मीद है कि बॉलीवुड फिल्म में फिजी के दृश्य दिखने से वहां के सुंदर प्राकृतिक दृश्य को लोकप्रियता मिलेगी और पर्यटक उसी तरह खिंचे चले आएंगे जैसे कुछ साल पहले न्यूजीलैंड तथा आस्ट्रेलिया ने पर्यटकों को फिल्म के जरिए आकर्षित किया था.


article comments powered by Disqus