मुंबई: एक बार फिर शिवसेना ने भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट की द्विपक्षीय सीरीज पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सीरीज दिसंबर में होनी है लेकिन शिवसेना का कहना है जबतक पाकिस्तान सरहद पार से आतंकी भेजना बंद नहीं करता खेल संबंध बहाल नहीं होने चाहिए.

दिसंबर में 5 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज खेली जानी है. सूत्रों के मुताबिक सीरीज 25 दिसंबर से 6 जनवरी के बीच होगी. पहला वनडे क्रिसमस के दिन 25 दिसंबर को होगा.

पाकिस्तान भारत दौरे में तीन वनडे और दो टी-20 मैच खेले जाएंगे. तीन वनडे मैच दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में होंगे. जबकि दो टी-20 मैच बैंगलोर और अहमदाबाद में खेले जाएंगे.

लेकिन भारत में पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के दौरे का विरोध अभी से शुरू हो गया है. शिवसेना का कहना है कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट डिप्लोमेसी से आतंकवाद से निजात नहीं मिलने वाली.

हिंदी सामना के संपादक प्रेम शुक्ला का कहना है कि इस तरह के कदम से भारत को फायदा नहीं होने वाला है और जब तक पाकिस्तान आतंकवादियों को भेजना बंद नहीं करता है तब तक उसे किसी प्रकार के रिश्ते रखने की जरूरत नहीं है.

शिवसेना भारत-पाकिस्तान के बीच वीजा संबंधों को सरल बनाने के प्रयासों का भी जमकर विरोध किया है.


article comments powered by Disqus