कोलंबो: टी-20 विश्व कप जीतने के इरादे से टीम इंडिया पहुंच गई है श्रीलंका. कोलंबो पहुंची टीम इंडिया का परमपरागत तरीके से स्वागत किया गया. कोलंबो के होटल में टीम इंडिया के ज्यादातर खिलाड़ी मस्ती के मूड में दिखे.
18 सितंबर से श्रीलंका में टी-20 का विश्व कप शुरू हो रहा है. भारत का पहला मुकाबला 19 तारीख को अफगानिस्तान से है. कैंसर की बीमारी को हराने के बाद युवराज की वापसी से टीम इंडिया आत्मविश्वास से भरी है.
साल 2007 में हुए टी-20 के पहले विश्व कप में टीम इंडिया चैम्पियन बनी थी.
टीम इंडिया के कप्तान एमएस धौनी ने कहा कि उनकी टीम बेहद अच्छी है और उनको उम्मीद है कि ट्रॉफी पर उनका ही कब्जा होगा. उन्होंने कहा कि हमारी टीम मजबूत बल्लेबाजी पर निर्भर है, लेकिन हमारे शीर्ष बल्लेबाज भी गेदबाजी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने को बेकरार हैं. धौनी ने कहा कि हम लोग वनडे के विश्व चैंपियन हैं और हमें टी-20 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा.
'कोई चिंता नहीं'
इससे पहले न्यूज़ीलैंड से हारने के हार भी धौनी ने कहा था कि वह अगले सप्ताह से होने वाले ट्वेंटी-20 विश्व कप में अपनी टीम के प्रदर्शन को लेकर किसी प्रकार से चिंतित नहीं हैं.
वर्ष 2007 में ट्वेंटी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान धौनी ने कहा था कि कीवी टीम के खिलाफ उनकी रणनीति सटीक नहीं बैठी लेकिन विराट कोहली और लक्ष्मीपति बालाजी के अच्छे प्रदर्शन ने सकारात्मक संकेत दिए हैं.
धौनी ने कहा, "जहां तक टीम के मूड की बात है तो यह हार निराशा का विषय है लेकिन इस मैच से कई सकारात्मक बातें सामने आईं. यह मैच हमारी रणनीति के हिसाब से नहीं हुआ लेकिन अगर पूरे मैच पर नजर डाली जाए तो हमारे गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी."
धौनी ने कहा कि इस मैच के जरिए लम्बे समय बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में लौटने वाले बालाजी ने जिस तरह की गेंदबाजी की, वह टीम के लिए विश्व कप के लिहाज से काफी अहम पहलू है.
युवराज की वापसी से खुश
धौनी का कहना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टी-20 मुकाबले में युवराज सिंह का प्रदर्शन उनका आत्मविश्वास बढ़ा सकता है. युवराज ने कैंसर को मात देकर लम्बे समय बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है. 
10 महीने बाद अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय मैच में खेलते हुए युवराज दो ओवर में 14 रन दिए और उसके बाद आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की सहायता से 34 रन बनाए.
धौनी ने कहा, "अब युवराज वह सब कर सकते हैं जो वह करना चाहते हैं. यह सिर्फ उस खिलाड़ी को एक स्थान देने जैसा है ताकि वह यह सोच पाए कि उसे क्या करना है. खासकर तब जब वह 10 महीने बाद खेल रहे हों, आप उन पर दबाव डालेंगे क्योंकि उन्हें नहीं पता कि उनका क्या स्थान है. अब तक उन्होंने काफी अच्छा किया है , वह वो सब कर सकते हैं जो चाहते हैं."
धौनी का मानना है कि युवराज के हरफनमौला प्रदर्शन से टीम में एक संतुलन बना है. उन्होंने कहा, "यह उनके लिए बड़ा मैच था. हर किसी की निगाह उन्हीं पर थी. उन्हें मैदान में देखना अच्छा लगा. मैं व्यक्तिगत तौर पर यह मानता हूं कि उन्होंने हमारी जरूरत के मुताबिक टीम को एक सही संतुलन दिया है."
टी-20 विश्व कप जीतने का है इरादा: एमएस धौनी
Thursday, 13 September 2012 12:01







