लंदन: लंदन ओलम्पिक-2012 आयोजन समिति ने बुधवार को 'अपनी क्षमता के साथ न्याय नहीं करने' के कारण चार महिला बैडमिंटन जोड़ियों को निलम्बित कर दिया.
इन जोड़ियों में चीन की वांग जियाओली एवं वू यांग, इंडोनेशिया की ग्रेसिया पोली एवं मेलिएना जौहारी, दक्षिण कोरिया की जूंग क्यूंग युन एवं किम हा ना तथा दक्षिण कोरिया की ही हा जुंग युन एवं किम मिन जुंग शामिल हैं.
भारत ने भी इस सम्बंध में औपचारिक शिकायत दर्ज की थी लेकिन प्रतिस्पर्धा से बाहर हो चुकी ज्वाला गुट्टा एवं अश्विनी पोनप्पा उस ग्रुप में शामिल नहीं थीं जिस ग्रुप से खिलाड़ियों को निलम्बित किया गया है.
विश्व बैडमिंटन महासंघ ने निलम्बित महिला खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासन सम्बंधी दो मामले दर्ज किए हैं. इन जोड़ियों पर महासंघ के प्लेयर्स कोड ऑफ कंडक्ट-सेक्शन 4.5 एवं 4.16 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
महासंघ की अनुशासन समिति इस मामले को लेकर औपचारिक सुनवाई करेगी. महासंघ का मानना है कि "कुछ जोड़ियां अपनी क्षमता के अनुसार नहीं खेलीं। इससे इस खेल का अपमान हुआ है."
ओलंपिक का सबसे बड़ा स्कैंडल
ओलंपिक खेलों में आज तक का सबसे बड़ा स्कैंडल सामने आया है. आरोप है कि इन खिलाड़ियों ने अपने मैच अच्छे से नहीं खेले. भारतीय बैंडमिंटन टीम ने ओलंपिक एसोसिएशन से शिकायत की है कि जापान की टीम ताइपे की टीम से जानबूझकर हारी.
खेल मंत्री अजय माकन ने ट्वीट किया है कि,"आठ खिलाड़ियों का निलंबन एक जीत है, न सिर्फ हमारे लिए बल्कि नैतिकता की भावना और नैतिकता के लिए भी जिसके लिए ओलंपिक को जाना जाता है."
इन खिलाड़ियों ने जान बूझकर नेट में शटल मारी और वक्त बर्बाद करने की कोशिश कीस साथ ही लाइन से बाहर शॉट मारे. बताया जा रहा है कि इन्होंने ये कोशिश इसलिए की क्योंकि इन्हें अगले राउंड में आसान ड्रॉ मिल सके. इससे दर्शक जबरदस्त नाराज हैं और उन्होंने हूटिंग भी की.
भारत को नुकसान
माना जा रहा है कि इसके कारण भारत को भी नुकसान हुआ है. खबरों के मुताबिक इसी फिक्सिंग के कारण ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ओलंपिक से बाहर हो गई थी.
भारतीय बैंडमिंटन टीम ने ओलंपिक एसोसिएशन से शिकायत की है कि जापान की टीम ताइवान की टीम से जानबूझकर हारी.
बैडमिंटन एसोसिएशन के अधिकारी अखिलेश दास ने एबीपी न्यूज़ से कहा कि शिकायत दर्ज करा दी गई है. उन्होंने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि न्याय होगा.
दास ने कहा कि जापान ने ओलंपिक की भावना से नहीं खेला. उन्होंने कहा कि,"हमने मांग की है कि जापान को बाहर कर भारत की टीम को दोबारा अंदर किया जाना चाहिए."







