नई दिल्ली: भारतीय टेनिस फेडरेशन ने महेश भूपति और रोहन बोपन्ना को डेविस कप टीम से निकाल दिया है.
महेश भूपति और रोहन बोपन्ना के बिना भारतीय टेनिस टीम की कल्पना करना मुश्किल था, लेकिन भारतीय टेनिस फेडरेशन ने अभूतपूर्व फैसला लेते हुए दोनों को भारतीय डेविस कप टीम से निकाल दिया है.
माना जा रहा है कि फेडरेशन ने दोनों को बाहर रखकर ये संदेश देने की कोशिश की है कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
गौरतलब है कि भूपति और रोहन बोपन्ना ने ओलंपिक से पहले लिएंडर पेस के साथ खेलने से मना कर दिया था. इस फैसले से नाखुश होने के बावजूद फेडरेशन को ओलंपिक में दो अलग-अलग टीमें भेजनी पड़ी थी.
डेविस कप टीम के लिए दूसरा झटका ये है कि लिएंडर पेस और सोमदेव बर्मन ने डेविस कप टीम से बाहर रखने की गुजारिश की थी जो मान ली गई है.
पेस वर्ल्ड टीम टेनिस प्रतियोगिता के लिए तैयारी करना चाहते ,हैं जबकि सोमदेव अभी भी पूरी तरह फिट नहीं हैं.
इस बार डेविस कप टीम में युकी भांभरी और विष्णु वर्धन समेत छह युवा चेहरों पर सारा दारोमदार होगा.
AITA ने भूपति-बोपन्ना को दिखाया बाहर का रास्ता







