नई दिल्ली: टेलीवीजन अभिनेत्री स्मृति ईरानी रेडियो ड्रामा 'बाल गोपाल' के लिए आवाज देंगी. इसमें भगवान कृष्ण को बालक , पुत्र, सखा या प्रेमी के रूप में पेश किया जाएगा. टेलीवीजन धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से शोहरत पाने वाली स्मृति इस कार्यक्रम का हिस्सा बन बेहद खुश हैं.

स्मृति ने कहा, 'रेडियो जैसे सरल लेकिन सशक्त माध्यम के जरिए भगवान कृष्ण के बचपन की कथा का वाचन करना काफी अद्भुत है. कृष्ण की कथा से किसी बालक से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन हम इस श्रृंखला के जरिए बालिका को भी समान महत्व और आदर देना चाहते थे, जो इसकी तमाम कड़ियों के जरिए अभिव्यक्त होगा. इस बात से मैं बेहद खुश हूं.'

'बाल गोपाल' के जरिए रेडियो पर अपने करियर का पहला कार्यक्रम कर रही स्मृति ने बताया कि रेडियो के श्रोताओं से अपनी भावनाओं को जोड़ना और आवाज के जरिए रेडियो श्रोताओं के लिए सजीव माहौल पैदा करना काफी चुनौती भरा था.

दो महीने तक चलने वाला यह कार्यक्रम फीवर 104 एफएम पर सोमवार से प्रसारित किया जाएगा.


article comments powered by Disqus