लंदन: इजरायल क्रिसमस से पहले ईरान पर जमीनी हमला करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए इजरायल, इराक के रेगिस्तान में अपना अड्डा बना रहा है. एक मीडिया रिपोर्ट में यह बात सामने आई है.
समाचार पत्र 'द सन' के अनुसार तेल अवीव में उच्च सैन्य अधिकारियों का मानना है कि वे इस साल के अंत तक ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला कर देंगे. इजरायल का मुख्य निशाना कौम शहर के नजदीक स्थित फोर्दो युरेनियम संवर्धन संयंत्र है.
सूत्रों के अनुसार इजरायली नेताओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका सहायता न भी करे तो भी वे हमले के लिए तैयार हैं.
अमेरिका में छह नवम्बर को होने वाले राष्ट्रपति चुनावों को देखते हुए खुफिया सूत्रों ने अक्टूबर के अंत या फिर नवम्बर की शुरुआत में हमले की सम्भावना व्यक्त की है.
ब्रिटिश अधिकारी के अनुसार, "हमें मालूम है कि इजरायल के सैनिक इराक के रेगिस्तानों में सक्रिय हैं. ऐसा लग रहा है कि वे जमीनी हमले के लिए ठिकाना बना रहे हैं. ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला उनकी योजना का हिस्सा हो सकता है."







