वॉशिंगटन: कैलीफोर्निया के एक गुप्तचर ने इस बात की संभावना जताई है कि पिछले साल हुई दो सिखों की हत्या, हाल ही में विस्कॉन्सिन के ओक क्रीक स्थित गुरुद्वारे में हुई त्रासद गोलीबारी की घटना से संबंधित हो सकती है.

एल्क ग्रोव पुलिस विभाग के गुप्तचर केविन पापिनेउ के मुताबिक, 'इस तथ्य को देखते हुए कि वे सिख थे, इसमें ऐसी संभावना बनती है.' पापिनेउ चार मार्च, 2011 को कैलीफोर्निया में हुई हत्याओं की जांच कर रहे हैं.

सुरिंदर सिंह और गुरमेज अटवाल नियमित रूप से अपने आस पड़ोस में टहलते थे, लेकिन उस दिन जब वह टहल रहे थे, तभी अचानक उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अटवाल छह ह‍फ्ते तक अस्पताल में जीवन-मौत के बीच संघर्ष करते रहे. अंत में वह भी मौत के हाथों हार गए.

खबर के मुताबिक, 'जब श्वेत कट्टरपंथी वेड माइकल पेज नाम के हमलावर ने ओक क्रीक गुरुद्वारे में पांच अगस्त को गोलीबारी कर छह सिखों की हत्या कर दी, तब पापिनेउ ने एफबीआई को इस संभावना के बारे में सजग किया कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हो सकती हैं.'

पानिनेउ के हवाले से कहा गया है, 'मैं किसी संभावित संबंध को जोड़ने या खारिज करने की कोशिश में एफबीआई के एजेंटों के सम्पर्क में हूं. वे इस मामले की पड़ताल कर रहे हैं और हम अभी तक इसे सत्यापित करने या खारिज करने के बारे में कोई प्रगति नहीं कर पाए हैं.'

लेकिन ओक क्रीक के अधिकारियों को ऐसा नहीं लगता कि दोनों घटनाओं में किसी तरह का संबंध हो सकता है.



article comments powered by Disqus