वाशिंगटन: अमेरिका के विस्कॉन्सिन स्थित ओक गुरुद्वारा पर रविवार को हुए हमले में कुल सात लोगों की मौत हो गई. मीडिया की रपट के अनुसार एक ही हमलावर था.

एक हमलावर ने गुरुद्वारे में अंधाधुंध फ़ायरिंग करके छह लोगों की जान ले ली, बाद में पुलिस की कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया.

फिलहाल हमलावर के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है. बस इतना पता चला है कि वो श्वेत मूल का था. ओक क्रीक पुलिस के मुताबिक ये हमला किसी संगठित आतंकवादी ग्रुप ने नहीं किया है, बल्कि ये हमला डोमेस्टिक टेररिज्म का हिस्सा है.

हमला रविवार को अमेरिकी समय के मुताबिक 11 बजे दिन में हुआ. हमले के वक्त गुरुद्वारे में करीब 400 से 500 लोग थे. सभी भारत से गए एक सिख गुरु का प्रवचन सुन रहे थे. तभी एक हमलावर ने वहां हमला कर दिया.

चश्मदीदों के मुताबिक हमलावर गंजा था और उसने स्लीवलेस टी शर्ट पहन रखी थी. उसके हाथ में हैंडगन थी जिससे उसने लोगों पर फ़ायरिंग की.

वारदात की खबर मिलते ही पुलिस ने गुरुद्वारे को घेर लिया, लेकिन तबतक अंधाधुंध फ़ायरिंग में 6 श्रद्धालु मारे जा चुके थे और 25 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए थे. बाद में पुलिस की कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया.

हमले के वक्त गुरुद्वारे के अंदर बच्चे भी थे. हमलावरों ने बच्चों सहित कई लोगों को बंधक बना लिया था. जितनी देर तक हमलावर गुरुद्वारे के अंदर रहा. उतनी देर तक अमेरिका से लेकर हिंदुस्तान तक हड़कंप मचा रहा.

भारत का विदेश मंत्रालय वहां की पल पल की खबर ले रहा था.  दूसरी तरफ खुद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा हालत पर नजर बनाए हुए थे.

आपको बता दें कि जिस गुरुद्वारे पर हमला हुआ वो ओक क्रीक शहर का काफी मशहूर गुरुद्वारा है और इस गुरुद्वारे में अक्सर धार्मिक आयोजन होते रहते हैं.



article comments powered by Disqus